ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत




जबलपुर। मूलतः जबलपुर निवासी एक कॉन्स्टेबल ने शहडोल पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। घटना गुरुवार–शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 1:25 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से कॉन्स्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान शिशिर सिंह (पिता—स्वर्गीय शरद सिंह), उम्र 29 वर्ष, के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जबलपुर के घमापुर क्षेत्र का निवासी था। शिशिर सिंह को वर्ष 2013 में बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2015 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद उन्हें नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त किया गया। वर्तमान में वह शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ थे।

बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले कॉन्स्टेबल मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसके बाद उसने राइफल से स्वयं पर फायर कर लिया। गोली की आवाज सुनकर आसपास सो रहे अन्य पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post