नर्मदा जयंती की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, घाटों पर व्यवस्थाओं के निर्देश



जबलपुर।25 जनवरी को प्रस्तावित नर्मदा जयंती के अवसर पर शहर के प्रमुख घाटों ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट, लम्हेटघाट सहित अन्य स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार को सायं 6 बजे तहसील कार्यालय में संबंधित विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभागीय तहसीलदार, नायब तहसीलदार गोरखपुर, नगर निगम के अधिकारी, नगर निगम अतिक्रमण शाखा, लोक निर्माण विभाग (PWD) के एसडीओ, थाना प्रभारी गोरखपुर, तिलवाराघाट एवं भेड़ाघाट, सीएमओ भेड़ाघाट सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एसडीएम ने नर्मदा जयंती के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। घाटों पर साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, आपात सेवाओं और अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

प्रशासन ने ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटघाट और भेड़ाघाट में कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post