एकलव्य आवासीय स्कूल से लापता तीन छात्र सकुशल बरामद, रेलवे स्टेशन से मिली कामयाबी



जबलपुर | शहर के रामपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय से लापता हुए कक्षा 8वीं और 9वीं के तीन नाबालिग छात्रों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र सोमवार रात छात्रावास से बिना बताए निकल गए थे और पैदल ही मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे। पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों बच्चों को प्लेटफॉर्म नंबर-1 से दस्तयाब किया गया।
सुबह पीटी में खुला राज, 50 से अधिक कैमरे खंगाले

घटना का खुलासा 27 जनवरी की सुबह पीटी के दौरान हुआ, जब छात्रों की गिनती में तीन बच्चे अनुपस्थित पाए गए। हॉस्टल प्रबंधन ने तत्काल रामपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने रामपुर से गोरखपुर मार्ग और रेलवे स्टेशन तक लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिनमें बच्चे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए।
“हॉस्टल में मन नहीं लगता था, घर जाना चाहते थे”

पूछताछ में छात्रों ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से विद्यालय में रह रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में उनका मन नहीं लग रहा था और परिजनों की याद सता रही थी। इसी वजह से उन्होंने मिलकर घर जाने की योजना बनाई। सोमवार रात जब अन्य छात्र मेस में थे, तब तीनों चुपचाप हॉस्टल से निकल गए। उनका इरादा सुबह होते ही अपनी-अपनी ट्रेनों से घर रवाना होने का था। बच्चे जबलपुर, मंडला और सिवनी जिलों के निवासी हैं।
परिजनों को सौंपे गए बच्चे, काउंसलिंग पर जोर

पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों और विद्यालय प्रबंधन को सूचित किया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद तीनों नाबालिगों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस और स्कूल प्रशासन ने बच्चों की काउंसलिंग कराने की बात कही है, ताकि भविष्य में वे ऐसा कदम न उठाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post