जबलपुर। शहर में चाकू की नोंक पर लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लूट की वारदातें सामने आईं, जिनमें बदमाशों ने महिलाओं और युवकों को निशाना बनाकर मोबाइल, नगदी व आभूषण लूट लिए।
कुसनेर ब्रिज के नीचे महिला से मंगलसूत्र व बैग की लूट
थाना पनागर क्षेत्र में देर रात श्रीमती हेमलता बर्मन (30), निवासी गांधी ग्राम बुढागर गोसलपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह होटल में बाउंसर का काम करती है। बीती रात करीब 8 बजे वह अपनी ससुराल गांधी ग्राम से स्कूटी से मायके महाराजपुर जा रही थी। रात लगभग 8:30 बजे कुसनेर ब्रिज के नीचे सफेद रंग की एक्सिस स्कूटी पर सवार तीन युवक (उम्र 20–22 वर्ष) उसके सामने स्कूटी अड़ा कर खड़े हो गए।
एक युवक ने चाकू निकालकर गले पर अड़ा दिया और मंगलसूत्र छीन लिया, जबकि दूसरे ने बैग छीन लिया। बैग में आधार कार्ड की फोटो कॉपी, रेडमी मोबाइल और 2 हजार रुपये नकद थे। लोगों की आवाजाही बढ़ते देख तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पनागर पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मरघटाई उखरी रोड पर युवक से मोबाइल लूटा
दूसरी घटना थाना कोतवाली क्षेत्र की है। जागेश्वर कुमार झारिया (20), निवासी जगदंबा कॉलोनी, वासु डेरी के पास ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, वह वल्देव बाग से पैदल लौट रहा था। रात करीब 8:30 बजे मरघटाई उखरी रोड पर भंडारे के दौरान एक युवक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आया और मोबाइल मांगने लगा।
इनकार करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया और खुद को “कृष्णा दुबे, उजारपुरवा निवासी” बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़ित ने अपना रियलमी मोबाइल दे दिया। आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर से फरार हो गया। पुलिस ने यहां भी धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई, दहशत में लोग
दोनों मामलों के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत है, वहीं लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनाती की मांग की है।
