नरसिंहपुर। थाना स्टेशनगंज अंतर्गत स्कूल की छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। वीडियो संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋत्विक मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विशेष पुलिस टीम द्वारा तत्काल तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जांच शुरू की गई। वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की गई और उनकी लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपियों को ग्राम डोंगरिया से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
रणेंद्र लोधी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चौखेडा
-
तुलाराम सेन, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगरिया
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋत्विक मीना एवं नरसिंहपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि, अभद्र टिप्पणी या सोशल मीडिया के दुरुपयोग की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और छात्राओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
