जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र में देर रात शराब के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने चाकू से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। इस संबंध में पीड़ित संजीव कैथवास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, संजीव कैथवास रात के समय अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी समीर वंशकार वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। संजीव द्वारा पैसे देने से मना करने पर समीर ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में संजीव के बाएं हाथ की हथेली और माथे में गंभीर चोटें आईं।
संजीव की आवाज सुनकर उनकी पत्नी सुनीता कैथवास और पड़ोस में रहने वाली रेखा गुप्ता मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया। इसी दौरान आरोपित समीर भागने लगा और रास्ते में एक वाहन चालक करन चौधरी से टकरा गया। आरोप है कि समीर ने करन चौधरी पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना हनुमानताल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 296(बी) और 119(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
