जबलपुर। शहर के गोराबाजार थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और धोखे से निकाह करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि अधारताल के रजा चौक निवासी युवक ने खुद को ‘राज’ बताकर उससे दोस्ती की, भरोसा जीता और प्रेम संबंध बनाए। बाद में पीड़िता को पता चला कि ‘राज’ उसकी असली पहचान नहीं, बल्कि आरोपी अरबाज अंसारी है, जिसने अपनी पहचान और धर्म छिपाकर उसे भ्रम में रखा।
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय से आरोपी की गतिविधियाँ संदिग्ध लगीं। दस्तावेजों की पड़ताल करने पर सच सामने आया। पहचान उजागर होने पर जब उसने विरोध किया, तो उसे डराने-धमकाने के प्रयास किए गए। हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने गोराबाजार थाने पहुँचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की तस्दीक की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
