खण्डवा।मध्य प्रदेश के खण्डवा शहर स्थित उत्कृष्ट मैदान में आयोजित 20 दिवसीय महाराज नौटंकी मेले के दौरान सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मेले का प्रमुख आकर्षण बना नाव वाला झूला अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे झूले पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।
हादसे में झूले में सवार करीब 15 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायल छात्र उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययनरत हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झूले की क्षमता से अधिक बच्चों को बैठा दिए जाने के कारण संतुलन बिगड़ा और यह दुर्घटना घटित हुई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ. शिवदयाल सिंह, एडीएम भास्कर गवाते, तहसीलदार सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
चलते-चलते भरभराकर गिरा झूला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूला सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मेला परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि खण्डवा में दिवंगत आदिवासी संत सूर्यसिंह महाराज की स्मृति में पिछले छह वर्षों से स्थानीय हिंदूवादी संगठनों द्वारा यह मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला हर वर्ष 1 जनवरी से 20 जनवरी तक लगता है, जिसमें मनोरंजन के लिए 5 बड़े और करीब 25 छोटे झूले लगाए जाते हैं। ग्रामीण और शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इस मेले में पहुंचते हैं।
प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं और झूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
