अवैध वसूली से इनकार पर चाकूबाजी, दो किशोर गंभीर



थाना बेलबाग क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

जबलपुर थाना बेलबाग क्षेत्र में शराब पीने के लिए अवैध रूप से रुपये मांगने और मना करने पर चाकू से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घायल मोह. अनस अंसारी (15), निवासी बेलबाग, बेल्डिंग का काम करता है। उसने बताया कि वह अपने साथी फरहान अंसारी के साथ घर से छोटी ओमती की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाण्डे अस्पताल के सामने ब्यौहारबाग पहुंचने पर सुजात, गोलू और सूफी नामक युवक मिले, जिन्होंने शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की।

रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सुजात ने चाकू से अनस की बाईं जांघ पर वार कर दिया, जबकि गोलू और सूफी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसके सिर और पीठ में चोटें पहुंचाईं।

बीच-बचाव करने आए फरहान अंसारी पर भी सुजात ने चाकू से हमला किया, जिससे फरहान को कमर, जांघ, सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बेलबाग में आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post