जबलपुर में स्कूटी से कट मारने के विवाद में मजदूर पर चाकू से जानलेवा हमला, एक नाबालिग आरोपी पकड़ा



जबलपुर। थाना लार्डगंज क्षेत्र में स्कूटी से कट मारने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों ने पल्लेदारी करने वाले मजदूर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिजोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घायल की पहचान योगेश अहिरवार (34), निवासी सर्वोदय नगर, रानीताल कब्रिस्तान के सामने के रूप में हुई है। योगेश पल्लेदारी का काम करता है। उसने बताया कि मंगलवार रात करीब 10:45 बजे वह घर से महाराजा ट्रांसपोर्ट में काम करने जा रहा था। इसी दौरान यहूदी कब्रिस्तान गेट के सामने पीछे से आई स्कूटी पर सवार दो युवकों ने कट मारते हुए उसे गिरा दिया।

योगेश द्वारा आपत्ति जताने पर स्कूटी चला रहे युवक ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर उसकी बाईं कोख और पसली के पास वार किया। जब योगेश ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की तो उसके साथी ने भी चाकू से वार कर कमर में गंभीर चोट पहुंचा दी।

इसी बीच तीसरा साथी दूसरी स्कूटी से मौके पर पहुंचा और चाकू लेकर हमला करने दौड़ा। तभी योगेश का भाई दिलीप अहिरवार और मोहल्ले के अभिषेक अहिरवार व राहुल अहिरवार वहां पहुंच गए। उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। मौके से एक स्कूटी सड़क किनारे पड़ी मिली है।

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपनी उम्र 16 वर्ष बताई है और अपने दो साथियों के नाम अंशुल और बल्लू बताए हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post