तेज़ रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, सीसीटीवी में कैद हुआ भयावह हादसा



जबलपुर। शहर के रामपुर क्षेत्र स्थित गुप्तेश्वर मोड़ पर देर रात तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर जाकर पलट गई। पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

इस दुर्घटना में बाइक सवार चंद्रशेखर को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना में शामिल कार बिना नंबर की थी। साथ ही चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और कार मालिक व चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। जांच में नशे की पुष्टि हुई है और आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post