जबलपुर।मध्यप्रदेश की संस्कारधानी कहे जाने वाले जबलपुर में अपराध बेलगाम होते जा रहे हैं। शहर में चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। ताज़ा मामला रांझी थाना क्षेत्र के मानेगांव से सामने आया है, जहाँ सोमवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आयुष सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष मानेगांव क्षेत्र में मौजूद था, तभी घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और धारदार चाकुओं से हमला कर दिया। हमला इतना निर्मम था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को चुनौती देते हुए फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बढ़ती चाकूबाजी ने आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
