जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में 15 दिन पहले शादी हुई नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौत के बाद नवविवाहिता के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए न सिर्फ विरोध प्रदर्शन किया बल्कि एसपी ऑफिस पहुंचकर एक ज्ञापन भी सौंपा है।
6 को शादी और 20 फरवरी को मौत
दरअसल 6 फरवरी को कैमोरी निवासी पूजा साहू की लार्डगंज इलाके निवासी निखिल साहू से शादी हुई थी। 20 फरवरी को पूजा पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई थी। 21 फरवरी को उज्जैन में उसकी मौत हो गई।
मौत के घाट उतारने का आरोप
SP ऑफिस पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। कहा- उज्जैन ले जाकर नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया गया। किसी अस्पताल में इलाज कराने की बजाय ससुराल पक्ष के लोग मायका पक्ष को बीमार पूजा का वीडियो भेज रुपयों की मांग करते रहे। पूजा के परिजनों ने शादी में चार लाख रुपए और जेवर दहेज में दिया था। उसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग रुपयों की मांग करते रहे। मृतक की फोटो वाली पोस्टर लेकर परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
