जबलपुर। टी-20 विश्व कप के रोमांच के बीच जबलपुर पुलिस ने सट्टेबाजी के गोरखधंधे पर बड़ी चोट करते हुए रांझी थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कुख्यात सटोरिया दिलीप और संजय खत्री उर्फ “खत्री ब्रदर्स” से जुड़े दो सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनमोल उर्फ बीसू पटारिया और कृष्णा नामदेव के रूप में हुई है।
एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से शहर के सट्टा बाजार में हड़कंप मच गया है।
लग्जरी कार में हाईटेक सट्टे का अड्डा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेमोरी तिराहा स्थित सामुदायिक भवन के पास एक डार्क ब्लू रंग की लग्जरी कार (एमपी 20 जेडजी 0030) में बैठकर युवक मोबाइल के जरिए टी-20 मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहे हैं।
सीएसपी सतीश साहू और टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से 20 हजार रुपये नकद, चार महंगे मोबाइल फोन और सट्टे में इस्तेमाल हो रही कार जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कार को ही चलता-फिरता “कंट्रोल रूम” बना रखा था, जहां से हाईटेक तरीके से सट्टा संचालित हो रहा था।
‘मास्टर आईडी’ और प्रतिबंधित ऐप्स का जाल
तलाशी के दौरान आरोपियों के मोबाइल में ‘CRICKET GURU’ और ‘थर्ड आई’ जैसे प्रतिबंधित ऐप्स सक्रिय पाए गए। इन ऐप्स पर श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच चल रहे मैच के रन और भाव लाइव अपडेट हो रहे थे।
मुख्य आरोपी अनमोल पटारिया ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह खत्री ब्रदर्स से ‘Bet 4 Win’ की मास्टर आईडी लेता था। इसके बाद वह कृष्णा नामदेव समेत अंकुश शिवहरे, विशाल सराफ, राहुल ललवानी, अंकित सोनकर और विवेक गुप्ता जैसे एजेंटों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराकर बड़े पैमाने पर सट्टा खिलवाता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मास्टर आईडी के जरिए लाखों रुपये का ऑनलाइन लेन-देन किया जा रहा था, जिसकी डिजिटल ट्रेल भी पुलिस के हाथ लगी है।
शहर में और भी गिरफ्तारी संभव
पूछताछ में शहर और प्रदेश के कई रसूखदार सटोरियों और बुकियों के नाम सामने आए हैं। मोबाइल से ऑडियो रिकॉर्डिंग और लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
रांझी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 4(क) सट्टा एक्ट और धारा 112 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
