भोपाल। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खजूरी सड़क रोड स्थित टोल प्लाजा के पास एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में मावा और पनीर जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान वाहन से लगभग 27 क्विंटल मावा, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 45 किलो पनीर बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में मिलावट की आशंका पाए जाने पर पूरी खेप को तत्काल जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मावा और पनीर के पांच-पांच नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक माह में 234 नमूने भेजे गए जांच के लिए
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा पिछले एक माह में भी भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा, बेसन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 234 नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी और शादी सीजन को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
