दुग्ध उत्पादों का मौके पर परीक्षण, यूरिया-डिटर्जेंट की मिलावट नहीं मिली
जबलपुर। होली के त्यौहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न नमकीन, मिठाई, मावा और पनीर विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुग्ध उत्पादों मावा, घी, पनीर आदि का मौके पर ही प्राथमिक परीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में यूरिया, डिटर्जेंट, स्टार्च और अतिरिक्त शक्कर जैसी मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। निर्माण स्थल की साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और कच्चे माल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा प्रशासन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार निम्न प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र किए गए—
त्रिपुरी चौक स्थित मामा स्टोर्स से नमकीन एवं सोयाबीन तेल
गढ़ा स्थित हनुमान डेयरी से दही एवं मावा
भेड़ाघाट चौराहा स्थित बीकानेर मिष्ठान्न भण्डार से मावा बर्फी एवं नमकीन मिक्चर
दुबे मिष्ठान्न भण्डार से बर्फी एवं नमकीन
शहपुरा स्थित बीकानेर मिष्ठान्न भण्डार से कुन्दा पेड़ा एवं मिल्क केक
सराफा स्थित भगवती बीकानेर मिष्ठान्न महल से खोवा एवं खेवा बर्फी
तमरहाई कोतवाली क्षेत्र स्थित राजा रसगुल्ला से रसगुल्ला एवं पतीशा
सभी नमूनों को विधिवत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
