मेडिकल अवकाश की फाइल अटकी, 3 हजार में खुला खेल! ईओडब्ल्यू ने नगर निगम के बाबू को रंगे हाथ दबोचा

 



जबलपुर। शहर में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने शनिवार को नगर निगम के एक लिपिक को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी बाबू को नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित पेट्रोल पंप से ट्रैप कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक पी. रामा राव, जो स्वयं नगर निगम में कर्मचारी हैं, ने मेडिकल अवकाश स्वीकृत कराने के लिए स्थापना शाखा में आवेदन दिया था। आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने और वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में लिपिक राकेश शर्मा ने तीन हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

बताया जाता है कि लगातार टालमटोल से परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू से की। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की। तय रणनीति के अनुसार जैसे ही आरोपी ने नगर निगम के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास आवेदक से तीन हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों का कहना है कि ईओडब्ल्यू अब संबंधित शाखा के अन्य मामलों की भी पड़ताल कर सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post