नंदन ट्रैवल्स की बस में गांजे की खेप पकड़ी गई, 4 युवक गिरफ्तार



जबलपुर। नागपुर–जबलपुर रूट पर चलने वाली नंदन ट्रैवल्स की बस में अवैध मादक पदार्थ गांजा ले जाए जाने का खुलासा बरगी पुलिस ने किया है। सोमवार रात क्राइम ब्रांच और बरगी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बस को रोककर चार युवकों को हिरासत में लिया गया, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नंदन बस से 3–4 युवक चाकू लेकर सिवनी की ओर से जबलपुर आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बरगी बायपास स्थित नंदकेश्वर ढाबा के पास एनएच-34 पर घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में सिवनी की ओर से आ रही नंदन बस क्रमांक एमपी 22 जेडएफ 6661 को रोका गया।

बस चालक और कंडक्टर की निशानदेही पर संदिग्ध हुलिए के युवकों को बस से उतारकर तलाशी ली गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम केशरवानी (लार्डगंज), गोलू उर्फ अन्नू (धुसिया बाई का बगीचा), रूपेश कुमार रैकवार (ग्राम उमरिया चौबे) और वेदांश अवस्थी उर्फ बटुक (निवाड़गंज) बताए। तलाशी के दौरान उनके बैग से 7 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

एनडीपीएस एक्ट के तहत जब गांजे की तौल की गई तो कुल वजन 6 किलो 686 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जबलपुर निवासी प्रांजुल सोनकर ने उन्हें पैसे देकर ओडिशा से गांजा खरीदकर लाने के लिए भेजा था, जहां एक मोबाइल नंबर धारक व्यक्ति से सौदा किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे की पूरी खेप जब्त कर ली है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post