कटनी में सरकारी स्कूल में करंट की चपेट में आया छात्र, हालत गंभीर

 



कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के ग्राम बडग़ांव (रीठी) स्थित शासकीय स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर में बने शौचालय में गया एक छात्र अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा। उसकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य छात्र और शिक्षक स्तब्ध रह गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्राम बडग़ांव रीठी स्थित शासकीय स्कूल में अध्ययनरत छात्र आहेम पिता खुशी लाल कुशवाहा आज सुबह करीब 9 बजे शौचालय गया था। इसी दौरान वहां खुले या असुरक्षित बिजली के तार के संपर्क में आने से उसे तेज करंट का झटका लगा, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथी छात्रों और शिक्षकों ने तत्काल छात्र को उठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में छात्र की स्थिति फिलहाल अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

इस घटना के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा में बिजली के तारों का इस तरह खुला होना लापरवाही की ओर इशारा करता है। अभिभावकों और ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post