जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नवीन पटेल (26), निवासी जियो टावर के पास कठोरा, ने थाना माढ़ोताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नवीन खेती-किसानी करता है। वह बीती शाम करीब 5:30 बजे अपने खेत से मोटरसाइकिल पर प्रताप मार्केट, दमोहनाका पानी की मोटर लेने जा रहा था। इसी दौरान प्रभात नगर बस्ती स्थित सरकारी स्कूल के पास राहुल, राजा और आशीष ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए 1500 रुपये की मांग की।
नवीन के पैसे देने से इंकार करने पर तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राजा ने ईंट से हमला कर उसके कान के पास चोट पहुंचाई, जबकि राहुल और आशीष ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में नवीन के माथे, नाक और आंख के पास चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 126(2), 119(1), 296(ए), 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
