महिलाओं के उग्र विरोध से थमा जबलपुर–मंडला मार्ग, तिलहरी में शराब दुकान खोलने पर बवाल



जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तिलहरी इलाके में रविवार को नई शराब दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। महिलाओं के उग्र प्रदर्शन के चलते जबलपुर–मंडला मुख्य मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि तिलहरी के मुख्य मार्केट और घनी रहवासी आबादी के बीच नई शराब दुकान खोली जा रही है, जो इलाके के सामाजिक माहौल के लिए बेहद नुकसानदेह होगी। उनका आरोप है कि शराब दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ेगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ेगा।

पहले से मौजूद दुकान बढ़ा रही परेशानी

प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेता विभा उपाध्याय ने बताया कि तिलहरी मुख्य मार्ग पर पहले से ही एक शराब दुकान संचालित है, जिससे आए दिन आवागमन और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं बनी रहती हैं। अब पुरानी बर्फ फैक्ट्री के पास ‘एंबी वाइन शॉप’ के नाम से एक और दुकान खोली जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव स्थानीय रहवासियों, खासकर महिलाओं पर पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान विभिन्न कॉलोनियों की महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक प्रस्तावित शराब दुकान को वहां से हटाने का निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालने और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post