जबलपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आज सुबह एक दुखद घटना सामने आई। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय कमोदर सिंह बागरी के रूप में हुई है, जो एसएएफ बटालियन के रक्षित केंद्र जबलपुर में डॉग स्क्वाड में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 8:30 बजे आरक्षक कमोदर सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। वह डॉग को तैयार कर ग्राउंड में टहला रहे थे, इसी दौरान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों और लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस अस्पताल पहुँची। मृतक के बड़े भाई सुग्रीव प्रसाद बागरी (58), निवासी सुहागी, थाना अधारताल, ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया गया कि मृतक आरक्षक पुलिस लाइन कैंटीन के सामने रहते थे।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
