मानसिक प्रताड़ना का आरोप: एकलव्य विद्यालय की पूर्व नर्स ने फिनाइल पीकर दी जान देने की कोशिश, हालत स्थिर



जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित एकलव्य विद्यालय में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। विद्यालय में कार्यरत रहीं पूर्व स्टाफ नर्स जागृति इनवाती ने स्कूल परिसर के पास फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप
आत्मघाती कदम उठाने से पहले जागृति इनवाती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने एकलव्य विद्यालय प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। जागृति का कहना है कि उन्हें लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। उन्होंने पूर्व में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन आरोप है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाता रहा।

वेतन बकाया और प्रवेश पर रोक बनी वजह
जागृति के अनुसार, शनिवार को जब वह स्कूल पहुंचीं तो उन्हें परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गईं। गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि जागृति को कुछ समय पहले नौकरी से हटाया गया था और उन्हें आवंटित क्वार्टर खाली करने का नोटिस भी दिया गया था। वीडियो में जागृति पिछले चार महीनों के बकाया वेतन की मांग करती दिख रही हैं, ताकि वे अपनी आर्थिक जरूरतें पूरी कर वहां से जा सकें।

पुलिस जांच का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। नर्स द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के साथ ही स्कूल प्रशासन के पक्ष की भी जांच होगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि क्या वास्तव में वेतन रोका गया था और क्या नर्स को जानबूझकर परेशान किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post