जबलपुर अनुभाग के अंतर्गत ग्राम सगड़ा-झपनी के पास नहर टूटने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरगी बांध की दाईं तट नहर से पानी की निकासी पूर्णतः बंद करा दी है। इसके साथ ही जिस स्थान पर नहर टूटी है, उसके आगे के नहर के सभी गेट खोल दिए गए हैं, ताकि खेतों में भरे पानी की निकासी तेजी से हो सके।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अभिषेक सिंह, एसडीएम जबलपुर, तथा बरगी बांध दाईं तट नहर के कार्यपालन यंत्री पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर जबलपुर, के निर्देश पर नहर टूटने से खेतों में पानी भरने के कारण फसलों को हुए नुकसान का सर्वे प्रारंभ कर दिया गया है। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत राशि वितरित की जाएगी।
बरगी बांध दाईं तट नहर के कार्यपालन यंत्री के अनुसार, आज दोपहर लगभग 12 बजे बरगी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सगड़ा के पास मुख्य नहर के टूटने से नरई नाला से लगे कुछ खेतों में पानी भर गया था। सूचना मिलते ही बरगी बांध से दाईं तट नहर की जल निकासी पूरी तरह बंद कर दी गई और टूटे हिस्से के आगे के सभी नहर गेट खोल दिए गए।
उन्होंने बताया कि नहर के टूटे हुए हिस्से से बह रहा पानी नरई नाला में जा रहा है, जो आगे चलकर नदी में मिल जाता है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसानों को हरसंभव राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
