जबलपुर। दोस्त की शादी में शामिल होने गौर हिनौतिया से पाटन के ग्राम मादा पहुंचे एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात शादी समारोह के दौरान हुई, हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
पाटन पुलिस के अनुसार बुधवार को रामपुर निवासी बब्लू अहिरवार की बारात ग्राम मादा आई थी। इसी बारात में गौर हिनौतिया निवासी 31 वर्षीय सुनील अहिरवार, पिता शुक्ला अहिरवार भी शामिल हुआ था। रात करीब 11:30 बजे बारात लग रही थी और डीजे पर तेज आवाज में गाने बज रहे थे।
इसी दौरान सुनील का साथी कृष्णा अहिरवार मंदिर के पास पीपल के पेड़ के समीप पहुंचा, जहां उसने सुनील को जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। कृष्णा ने तत्काल अपने अन्य साथियों राकेश, महेश और अंकित को बुलाया, लेकिन तब तक सुनील बोलने की स्थिति में नहीं था। उसके पैर और पेट से अत्यधिक खून बह रहा था।
घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सुनील को शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि मेडिकल पहुंचने से पहले ही सुनील ने दम तोड़ दिया।
एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर ने बताया कि युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। फिलहाल हमलावर अज्ञात हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदेहियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। वारदात के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
