जबलपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में नकबजनी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चांदी के जेवरात और भारी मात्रा में नकदी बरामद की है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमानताल क्षेत्र का निवासी गुलफाम उर्फ गुड्डू पिता जब्बार खान (उम्र 24 वर्ष) अपने साथियों के साथ सिवनी जिला में चोरी की वारदात को अंजाम देकर जबलपुर लौट आया है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को टेढ़ी नीम, थाना हनुमानताल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी साहिल चौधरी, फैज खान और ऐफाज के साथ मिलकर 28–29 जनवरी 2026 की रात सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में नकबजनी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए लगभग 8 तोला सोने के जेवर कांचघर स्थित सारिका ज्वेलर्स की दुकान में बेच दिए गए थे, जबकि चांदी के जेवर और नकदी आपस में बांट ली गई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 जोड़ी चांदी की पायल, 6 चांदी के कड़े, 6 चांदी की बिछिया (कुल वजन लगभग 300 ग्राम) तथा 1 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले की जानकारी थाना छपारा, जिला सिवनी को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी हेमेंद्र जैतवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपने सुपुर्द लिया।
फिलहाल मामले में फरार आरोपी साहिल चौधरी, फैज खान, ऐफाज तथा सारिका ज्वेलर्स के संचालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध श्री शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, संतोष पांडे, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, सत्यसेन तथा आरक्षक सतेंद्र और जयप्रकाश की सराहनीय भूमिका रही।
