जबलपुर में मोबाइल झपटमारी गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 मोबाइल और बाइक जब्त

 



जबलपुर। थाना ओमती पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल झपटमारी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटे गए 6 मोबाइल फोन, मोबाइल बेचकर मिले 2 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को संजय गांधी नगर कैंट निवासी 18 वर्षीय शुभांगी यादव ने थाना ओमती में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ भंवरताल गार्डन स्थित चर्च के पास जा रही थी, तभी दोपहर करीब 2 बजे काले रंग की मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने झपटमारी की। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना ओमती में अपराध क्रमांक 65/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपी दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पीली कोठी के पास दबिश देकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अमन अंसारी (22) और अदनान अंसारी (21), निवासी किलकारी गार्डन, हनुमानताल के रूप में हुई।

कई वारदातों का हुआ खुलासा

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने भंवरताल गार्डन, ग्वारीघाट नर्मदा जयंती कार्यक्रम और जबलपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 6 के पास कुल 6 मोबाइल झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि झपटे गए मोबाइल अपने साथियों को बेच दिए थे और रकम आपस में बांट ली।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शानू उर्फ इमरान अंसारी (20), मोहम्मद अफजल (22) और गुड्डू उर्फ शमशाद अंसारी (24) को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से सभी 6 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकद राशि बरामद की गई।

न्यायालय में पेश, सभी आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य मोबाइल मालिकों की पहचान करने में जुटी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post