जबलपुर।अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गोरखपुर पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर अवैध शराब का परिवहन व वितरण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 पाव देशी शराब, 2 हजार रुपये नकद, एक तलवार, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक एक्सिस वाहन जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि बीती रात पेट्रोलिंग के दौरान छोटी लाइन क्षेत्र में एक्सिस वाहन से जा रहे दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सनी चौधरी (19) एवं रितिक चौधरी (21) निवासी पोलीपाथर बताए। वाहन की तलाशी लेने पर एक बैग से 72 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7,600 रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान सनी चौधरी ने खुलासा किया कि वह पिछले एक वर्ष से विशाल यादव, निवासी ग्वारीघाट, के लिए अवैध शराब का परिवहन करता था, जिसके बदले उसे प्रतिदिन 500 रुपये दिए जाते थे। पुलिस ने मामले में विशाल यादव को भी नामजद करते हुए गिरोह के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
.jpg)