भिवाड़ी (राजस्थान)। खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। प्रशासन के अनुसार एक मजदूर अब भी अंदर फंसा होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है।
एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फैक्ट्री में केमिकल के साथ पटाखों का निर्माण भी किया जाता था, जिससे आग तेजी से फैल गई।
खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। रेस्क्यू टीम ने अब तक 8 शव बाहर निकाल लिए हैं।
मौके पर तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौजूद हैं और उन्होंने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र बताया जा रहा है। भिवाड़ी एसपी और एडीएम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील केमिकल में विस्फोट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इलाके में घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है।
