मुरैना/ग्वालियर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के बीच मंगलवार को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने मुरैना तहसील कार्यालय में दबिश देकर राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को एक हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, गोपियापूरा निवासी किसान संतोष कुशवाहा अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में दो हजार रुपये की मांग की। किसान ने मजबूरी में पहले एक हजार रुपये दे दिए, लेकिन शेष राशि के लिए लगातार दबाव बनाए जाने पर उन्होंने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का प्राथमिक सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय रणनीति के अनुसार बुधवार को किसान ने आरोपी आरआई को एक हजार रुपये दिए। जैसे ही राशि का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर राजस्व निरीक्षक को रंगेहाथ पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
