गोल बाजार में बुजुर्ग पर हमला: दो आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

 


जबलपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार गोल बाजार में 67 वर्षीय राजाराम विश्वकर्मा पर सरेराह लाठी और लोहे की रॉड से किए गए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो मुख्य आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। 18 फरवरी की शाम हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की जांच लार्डगंज थाना पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार राजाराम विश्वकर्मा एक निजी अस्पताल में कारपेंटर का कार्य करते हैं। आरोपियों ने ठेला बनवाने का आर्डर देने के बहाने उन्हें गोल बाजार बुलाया। जैसे ही वे अस्पताल से बाहर निकले, चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में राजाराम के दोनों पैर, एक हाथ और गले में फ्रैक्चर आया है। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

रंजिश की जड़: बेटे से विवाद

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि कुछ दिन पूर्व राजाराम के बेटे संदीप विश्वकर्मा का पड़ोसी शुभम जायसवाल से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी सड़क पर शराब पीकर शोर-शराबा कर रहे थे, जिस पर संदीप ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर रंजिश पनपी और बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने पिता को निशाना बनाया।

देर रात दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हमले में शामिल विकास उर्फ विक्की तिवारी और शनि रजक चेरीताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में दोनों को हल्की चोटें भी आईं।

मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और महेंद्र पटेल अब भी फरार हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post