हथियारबंद बदमाशों का आतंक: ट्रक लूटकर चालक का अपहरण, इलाके में दहशत




जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीपल देवरी में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ट्रक लूटने के बाद चालक की बेरहमी से पिटाई की, उसके चेहरे पर नकाब डाला और जबरन अगवा कर लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक दमोह से चना लोड कर बालाघाट जा रहा था। रात करीब एक बजे जब वह सुनसान मार्ग पर पहुँचा, तभी पहले से घात लगाए आधा दर्जन बदमाशों ने उसे घेर लिया। हथियारों के बल पर बदमाशों ने ट्रक में रखी नकदी व अन्य कीमती सामान लूट लिया और चालक को अपने साथ ले गए।

पुलिस की घेराबंदी: चालक व ट्रक बरामद, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मझौली थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संभावित मार्गों पर तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ ही समय में पुलिस को सफलता मिली और अगवा किया गया चालक व ट्रक शहपुरा के पास बरामद कर लिए गए। हालांकि, पुलिस की आहट मिलते ही बदमाश मौके से फरार हो गए।

सुरक्षा पर सवाल, ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश
इस वारदात ने ट्रक चालकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार लूट व अपहरण की घटनाओं से ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश और भय है। स्थानीय निवासियों व व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतज़ाम मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post