जबलपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। बेलबाग, अधारताल और शहपुरा थाना क्षेत्रों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेलबाग : 500 रुपये नहीं दिए तो की मारपीट
थाना बेलबाग क्षेत्र निवासी विशाल कोरी (25 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती शाम करीब 4 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान पड़ोसी दीपक कोरी वहां आया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर कंधे और कमर में चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
अधारताल : 50 हजार रुपये की मांग, खेत में मारपीट
थाना अधारताल क्षेत्र निवासी प्रहलाद रैकवार (52 वर्ष) ने शिकायत की कि उसकी कृषि भूमि को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है और निर्माण कार्य पर स्टे ऑर्डर है। इसके बावजूद खेत में निर्माण कार्य हो रहा था। विरोध करने पर कपिल रैकवार, आशीष रैकवार और आकाश रैकवार ने 50 हजार रुपये की मांग की और कहा कि रुपये देने पर ही काम बंद करेंगे। रुपये देने से मना करने पर तीनों ने गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे नाक में चोट आई, और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
शहपुरा : बस परिचालक से शराब के लिए पैसे मांगे
थाना शहपुरा क्षेत्र में मेट्रो बस के परिचालक सतीश मिश्रा (35 वर्ष), निवासी चेरीताल राजीव नगर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बस क्रमांक एमपी-20-पीए-1266 लेकर शहपुरा आ रहा था। शाम करीब 6:40 बजे सिंघई हार्डवेयर के सामने यात्रियों को उतारते समय धर्मेन्द्र सिंह राजपूत और अमित सिंह राजपूत ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे उसके सीने और गले में अंदरूनी चोट आई तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)