जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 686 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी से जबलपुर की ओर बस के माध्यम से कुछ युवक गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और थाना बरगी की टीम ने बरगी बायपास स्थित नंदकू दाबा के पास रूट नंबर-34 पर नाकाबंदी कर बस को रोका।
बस की तलाशी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के चार युवकों को अलग कर पूछताछ की गई। आरोपियों के बैग और सामान की तलाशी लेने पर कुल 7 पैकेट में रखी 6 किलो 686 ग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर जबलपुर लाने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
