घात लगाए बैठे थे वारदात के इरादे से, पुलिस ने दबोचे दो बदमाश



जबलपुर। बरगी बायपास रोड पर सोमवार को पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक चाकू और चोरी की दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से बायपास पर घात लगाए बैठे थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी बायपास क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पाटन थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा निवासी रूपलाल वंशकार और कुमगमा पाटन निवासी दिलीप वंशकार के रूप में हुई है।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि बरगी रेलवे स्टेशन के बाहर से एक मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद पुलिस सतर्क थी। पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने मेडिकल कॉलेज और गढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरगी तालाब के किनारे झाड़ियों से बरामद की गईं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित वारदात टल गई, जिससे इलाके में राहत का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post