जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 पाव देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुलाबी टी-शर्ट और हाफ पैंट पहना एक युवक उमरिया रोड किनारे खाली प्लॉट में बोरी व थैले में अवैध शराब रखकर बिक्री की तैयारी में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय सैनी (22) निवासी बड़ी खेरमाई मंदिर के पीछे, हनुमानताल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बोरी और थैले में रखी 320 पाव देशी शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट, जुआ और सट्टा सहित कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले की विवेचना जारी है।
