घरेलू प्रताड़ना से तंग पत्नी ने की शिकायत, मायके छोड़कर बच्चों को रखा अपने पास
जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दस वर्ष बाद एक पति ने अपनी पत्नी को उसकी बहन के मोबाइल पर वॉयस मैसेज भेजकर तीन तलाक दे दिया। लगातार घरेलू प्रताड़ना से परेशान महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
अधारताल पुलिस के अनुसार, फरहीन अली निवासी अधारताल ने लिखित शिकायत में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2010 में मुस्लिम रीति-रिवाज से भानतलैया, हनुमानताल निवासी वाहिद अली के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति वाहिद अली, ससुर नजर अली, सास सुल्ताना बानो, ननद शमा खान, नुशरत खान तथा देवर जावेद अली द्वारा घरेलू बातों को लेकर उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति की मारपीट से तंग आकर वह लगभग तीन माह से मायके में रह रही थी। 16 जनवरी को पति ने फोन कर ससुराल आने को कहा, जिस पर वह भानतलैया स्थित ससुराल पहुंची। वहां भी उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ी। बाद में पति ने घर के काम का बहाना बनाकर उसे मायके छोड़ दिया और दोनों बच्चों को अपने पास रख लिया।
महिला के अनुसार, जब उसने ससुराल लौटने के लिए पति को फोन किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए तलाक देने की धमकी दी। 16 फरवरी की रात लगभग 10 बजे पति ने उसकी बहन के मोबाइल पर वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें कहा— “मैं वाहिद अली अपने होशो-हवास में फरहीन को तलाक देता हूं” और तीन बार तलाक कहकर संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
