नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी



जबलपुर। जबलपुर के बल्देवबाग स्थित नाले में गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जब नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक ने साधारण कपड़े पहने हुए थे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post