शराब के नशे में बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौके पर मौत ...जवा थाना क्षेत्र में सनसनी



जबलपुर । जवा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला जवा तहसील क्षेत्र के शात्तिर गांव का है। मृतका की पहचान सुंदरिया देवी के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, पड़ोस में रहने वाली मछली बंसल के बेटे गुलाब बंसल का किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे गुलाब बंसल शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगा।

विवाद बढ़ने पर गुलाब बंसल ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली। इसी दौरान उसकी मां मछली बंसल बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन गुस्से में आपा खो चुके गुलाब ने अपनी ही मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी कुछ समय के लिए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी युवक शराब के नशे में था और विवाद के दौरान यह घटना घटित हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नशे की प्रवृत्ति और पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post