आठ तोला सोना व आधा किलो चांदी के जेवर बरामद, 13 लाख की संपत्ति जब्त
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत ग्रीन कॉलोनी शोभापुर में 10 जनवरी को हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब आठ तोला सोना और आधा किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी ने बताया कि फरियादी मार्टिन खाखा पिता जोसेफ खाखा, जो कंट्रोल विभाग से सेवानिवृत्त हैं, ने 10 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर 2025 को वे अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव जसपुर, छत्तीसगढ़ गए थे।
8 जनवरी को उनका पुत्र अविनाश खाखा जब घर लौटा तो मुख्य दरवाजा नहीं खुला। पीछे जाकर देखने पर घर के पिछवाड़े का दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। आलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर अज्ञात चोर चुरा ले गए थे।
मार्टिन खाखा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने 6 जनवरी की दरमियानी रात बाउंड्री कूदकर घर में घुसना और पेंचकस से ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
-
सुरेश चौधरी उर्फ सुर्रू पिता रामअवतार चौधरी (35 वर्ष) निवासी बाबा टोला ठक्कर ग्राम, थाना हनुमानताल
-
जय चौधरी पिता बाबूलाल चौधरी (25 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप बड़ी मदार टेकरी, थाना हनुमानताल
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की—
-
सोने की 4 चूड़ियां
-
2 नेकलेस
-
5 अंगूठियां
-
2 कंगन
-
5 जोड़ी कान के टॉप्स
-
2 चैन
-
1 मंगलसूत्र
-
1 क्रॉस
-
चांदी की 2 जोड़ी पायल
-
3 जोड़ी बिछिया
-
1 चांदी की कटोरी
कुल मिलाकर लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के जेवरात जब्त किए गए हैं।
