जबलपुर। शहर में बकाया करों की वसूली को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार राजस्व विभाग ने संभागवार और वार्डवार अभियान तेज कर दिया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कर राशि जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के विरुद्ध कुर्की, तालाबंदी और नल कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उन्हें निर्धारित समयावधि के बाद वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नीलाम भी किया जाएगा। विभागीय प्रमुखों और संभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इसी क्रम में मंगलवार को संभाग क्रमांक 15 अंतर्गत रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित उदयपुरा बेवरेज प्रा. लि. (कोकाकोला) पर कार्रवाई की गई। संपत्ति कर जमा नहीं किए जाने पर निगम ने गार्ड रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और विश्राम गृह की संपत्तियों को कुर्क कर नोटिस चस्पा किया। साथ ही चल संपत्ति के तहत एक 407 वाहन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी आनंद मिश्रा, सहायक राजस्व अधिकारी मयंक चौरसिया, संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक शिरीष उपाध्याय, सहायक राजस्व निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव और नीरज जैन मौजूद रहे।
