सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब शासकीय हाईस्कूल में पदस्थ बाबू गजेन्द्र सिंह का शव कोहंडल के जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीधी जिले के अतरैला गांव निवासी गजेन्द्र सिंह (31) वर्ष 2014 से हरफरी, सिंगरौली स्थित शासकीय हाईस्कूल में बाबू के पद पर कार्यरत थे। 23 फरवरी को गजेन्द्र ने अपनी मां को मोबाइल पर एक संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था— “ये लोग मुझे मार डालेंगे।” इस संदेश के बाद से परिजन चिंतित थे, लेकिन उससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, अगले दिन चितरंगी के जंगल में उनका शव पेड़ पर लटका मिला।
घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गजेन्द्र ने मां को भेजे संदेश में अपनी जान का खतरा जताया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस गजेन्द्र के कॉल रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है और उस मैसेज की भी पड़ताल की जा रही है, जो उन्होंने अपनी मां को भेजा था। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
