बैंक मैनेजर की चूक: गलत ग्राहक को सौंप दिया गया गिरवी सोना



जबलपुर। कृषि उपज मंडी स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में बैंक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां बैंक मैनेजर ने गलती से एक ग्राहक का गिरवी रखा सोना दूसरे युवक को सौंप दिया। यह चूक शनिवार को हुई, जब एक युवक अपना पुराना लोन चुकाकर जेवर वापस लेने बैंक पहुंचा था।

गनीमत यह रही कि युवक ने ईमानदारी दिखाते हुए मंगलवार को बैंक पहुंचकर पूरा सोना लौटा दिया, जिससे एक बड़ी आर्थिक गड़बड़ी टल गई।

जानकारी के मुताबिक, कपिल पटेल के छोटे भाई शिवम पटेल ने दो साल पहले इस बैंक में 7.5 तोला सोना गिरवी रखकर करीब 5 लाख रुपये का लोन लिया था। हाल ही में लोन चुकाने के बाद जब वे जेवर लेने पहुंचे, तो बैंक स्टाफ ने प्रक्रिया में चूक करते हुए किसी अन्य ग्राहक का सोने का पैकेट उन्हें थमा दिया।
युवक की ईमानदारी ने बचाई बैंक की साख

कपिल पटेल ने बताया कि घर पहुंचकर जब जेवर देखे गए, तो तुरंत पता चला कि यह उनका सोना नहीं है। उन्होंने फौरन बैंक मैनेजर को फोन कर जानकारी दी। मैनेजर ने गलती स्वीकार की और बैंक आकर सोना बदलने को कहा।

कपिल ने कहा, “मेरे भाई का सोना 7.5 तोला है, जबकि हमें किसी और का पैकेट दे दिया गया था। बिना पूरी जांच-पड़ताल के किसी का कीमती सामान सौंप देना बड़ी लापरवाही है।”

हालांकि बैंक स्टाफ ने युवक की ईमानदारी की सराहना की है, लेकिन इस घटना ने सरकारी बैंक की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राहकों में अब अपनी अमानत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post