सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासिया में तेज रफ्तार डम्पर ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मोनू अहिरवार (26), पिता नन्हें भाई अहिरवार, निवासी कांसखेड़ा (देवरी) अपने मामा के बेटे हिम्मू अहिरवार, पिता मुकेश अहिरवार, निवासी नंदरई (दमोह) के साथ रिश्तेदार के यहां रहली आया था। दोनों वहां से बाइक से देवरी लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम परासिया में प्रतीक्षालय के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और डम्पर उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
डम्पर ने आगे जाकर दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में हिम्मू अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनू अहिरवार तथा दूसरी बाइक पर सवार सतीश कटारे और उनकी बेटी आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सागर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने डम्पर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
