अधारताल थाना क्षेत्र के संजय नगर की घटना, आरोपी फरार
जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के संजय नगर में बीती रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने रुपये नहीं देने पर 45 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजय नगर दुर्गा चौक निवासी श्रीमती रामबाई रजक (45) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान मोहल्ले का ही राजा रजक वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में था और उसने रामबाई से शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की।
जब महिला ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने अचानक जेब से चाकू निकाल लिया और उन पर हमला कर दिया। रामबाई ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिससे चाकू उनकी बाईं हथेली में जा लगा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी राजा रजक वहां से भाग निकला।
घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
