लाइक–व्यू की सनक में हथियारों के साथ रील, खमरिया पुलिस ने युवक को दबोचा



जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सोशल मीडिया पर लाइक–व्यू पाने की होड़ ने एक युवक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। खमरिया थाना पुलिस ने ग्राम उमरिया से 21 वर्षीय कमलेश को गिरफ्तार किया है, जो दिन में मजदूरी करता था और रात में अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ग्राम उमरिया (खमरिया) निवासी कमलेश ने एक तलवार और मोटरसाइकिल के गियर से बना हथियार तैयार किया था। वह दोस्तों के साथ मिलकर कभी तलवार तो कभी अन्य हथियारों के साथ फोटो–वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और पुख्ता जानकारी के बाद उसके घर दबिश दी। तलाशी में एक तलवार और बाइक के गियर से बना हथियार बरामद हुआ।

लाइक–व्यू के लिए करता था पोस्ट
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मजदूरी करता है। दिन में काम और रात में समय मिलने पर रील बनाता था। उसका कहना है कि यह सब वह लाइक, व्यू और कमेंट्स पाने के लिए करता रहा।

छह माह पहले खरीदा सेकेंड हैंड मोबाइल
आरोपी के पिता संजू गौंड ने बताया कि परिवार मजदूरी पर निर्भर है। कमलेश इकलौता बेटा है और वह भी मजदूरी करता था। करीब छह माह पहले उसने सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदा, जिसके बाद दोस्तों की संगत में उसे इंस्टाग्राम–फेसबुक की लत लग गई।

गिरफ्तारी के बाद माफी, वीडियो डिलीट
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद कमलेश गौड़ ने माफी मांगते हुए कहा कि उसने लाइक–व्यू के लिए हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट किए थे और आगे ऐसा नहीं करेगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से आपत्तिजनक वीडियो भी डिलीट करवा दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post