लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में घटना, स्टील रॉड से की गई बेरहमी से पिटाई; तीन से पांच आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
जबलपुर। संस्कारधानी के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी राजाराम विश्वकर्मा पर तीन से पांच बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले काम के बहाने राजाराम को अस्पताल के बाहर बुलाया और फिर स्टील की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुखबिरी के शक में वारदात
घायल राजाराम के पुत्र सतीश विश्वकर्मा के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश और गलतफहमी का परिणाम है। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पूर्व राजाराम के छोटे बेटे संदीप विश्वकर्मा के साथ एक चोरी की वारदात हुई थी, जिसके चलते वह जेल गया था। जेल से रिहा होने के बाद संदीप शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहा था।
इसी बीच, आरोपी शिवम जायसवाल भी एक चोरी के मामले में जेल गया था। आरोपियों को शक था कि राजाराम और उनके बेटे ने पुलिस को मुखबिरी की थी, जिसके कारण शिवम को जेल जाना पड़ा। इसी संदेह के आधार पर विकास रजक, शिवम जायसवाल और उनके साथियों ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।
अस्पताल में चल रहा उपचार
हमले में राजाराम के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर स्पष्ट रूप से स्टील रॉड से वार करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
