बारात बनी मातम: राई धुन न बजाने पर नाबालिग बैंड वादक की गोली मारकर हत्या

 



सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के गोलाकुआं क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब राई धुन न बजाने की बात पर एक युवक ने बैंड बजा रहे 15 वर्षीय नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बारात में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोलाकुआं मोतीनगर के पास सोनी परिवार की बारात में डांस चल रहा था। इसी दौरान डांस कर रहे बाराती प्रशांत पटेल ने बैंड में ढोल-नगाड़ा बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल से राई धुन बजाने को कहा। शोर-शराबे के बीच विवेक तक यह बात स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सकी। इससे नाराज होकर प्रशांत ने पिस्टल निकाल ली और विवेक पर फायर कर दिया।

सीने में गोली लगते ही विवेक मौके पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से बारात में भगदड़ मच गई। साथी कलाकारों ने गंभीर रूप से घायल विवेक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रशांत पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने पहले दावा किया कि उसने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल तालाब में फेंक दी है, लेकिन दोबारा पूछताछ में उसने हथियार के बारे में सही जानकारी दी। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post