जबलपुर। जबलपुर जिले के सिमरिया गांव में रविवार सुबह खेत की मेड़ पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवती की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने दुष्कर्म की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
घटना नेशनल हाईवे के पास माढ़ोताल और पाटन थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित नूनसर चौकी इलाके की है। रविवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने मेड़ पर शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पहचान अब तक नहीं, गुमशुदगी से जोड़ी जा रही कड़ी
पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाली जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।
इसी बीच 17 वर्षीय एक लड़की की गुमशुदगी की सूचना मिलने पर उसके परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया है।
24 घंटे के भीतर की घटना
एफएसएल अधिकारी के अनुसार वारदात पिछले 24 घंटे के भीतर की प्रतीत होती है। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। यौन उत्पीड़न की आशंका के मद्देनजर भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतका नाबालिग है या वयस्क।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
एडिशनल एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
