जबलपुर। जबलपुर नगर निगम द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए शहर के सभी 16 संभागों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार राजस्व अमले ने सख्त रुख अपनाते हुए बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी क्रम में संभाग क्रमांक 15 सुहागी और संभाग क्रमांक 10 रॉंझी में की गई कार्रवाई का असर मौके पर ही दिखाई दिया। प्रशासनिक सख्ती को देखते हुए कई करदाताओं ने तत्काल आंशिक भुगतान कर दिया।
वार्ड 72 में कुर्की नोटिस, 50 हजार की तत्काल वसूली
वसूली अभियान के दौरान वार्ड क्रमांक 72 में एक बड़े बकायादार के विरुद्ध निगम की टीम ने करीब 2 लाख रुपये की बकाया राशि को लेकर कुर्की का नोटिस जारी किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही संबंधित बकायादार ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही 50 हजार रुपये निगम कोष में जमा कराए। शेष राशि के शीघ्र भुगतान के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
महर्षि सुदर्शन वार्ड में 32,061 रुपये का चेक प्राप्त
इसी प्रकार संभाग क्रमांक 10 रॉंझी के अंतर्गत महर्षि सुदर्शन वार्ड में कुर्की की कार्रवाई के दौरान 32 हजार 61 रुपये का चेक निगम को प्राप्त हुआ। अधिकारियों का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
वसूली की कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी आनंद मिश्रा, संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल, नरेश शर्मा, राजस्व निरीक्षक शिरीष उपाध्याय, सहायक राजस्व निरीक्षक प्रिया पाठक एवं राजेश डेनियल सहित निगम का राजस्व अमला उपस्थित रहा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले बकायादारों के विरुद्ध कुर्की, सीलिंग और अन्य वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से समय पर कर जमा कर सहयोग करने की अपील भी की गई है।
